4 August 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर लगातार जारी है। भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाओं के कारण अब तक 90 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने से हादसों का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
शनिवार को किन्नौर जिले में नेशनल हाईवे-5 के पास एक कार सतलुज नदी में गिर गई, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं मनाली में एक वाहन करीब 20 फीट गहरी खाई में गिरने से दो युवकों की जान चली गई। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश में फिसलन और भूस्खलन की घटनाओं में भी तेजी आई है।
कुल्लू जिले के निरमंड क्षेत्र में सोमवार को प्राथमिक पाठशाला पांकवा का भवन भूस्खलन की चपेट में आकर पूरी तरह ध्वस्त हो गया। स्कूल के साथ स्थित एक मकान भी खतरे की जद में आ गया है, जबकि क्षेत्र में सेब के करीब 500 पौधे नष्ट हो गए।
सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल में बाता नदी पर वर्ष 1962 में बना पुराना पुल तेज बहाव के कारण टूटकर बह गया। कुछ दिन पहले ही पुल का एक पिलर तिरछा होने के बाद एहतियातन इस पर यातायात सीमित कर दिया गया था। सोमवार सुबह पुल को पूरी तरह बंद कर दिया गया और बाद में तेज बहाव में उसका बड़ा हिस्सा नदी में समा गया। फिलहाल यातायात को नए पुल से संचालित किया जा रहा है।
उधर, कुल्लू जिले के बंजार क्षेत्र में फलाचन नदी और घलिंगचा नाले में आए तेज बहाव से एक पुल और दो अस्थायी पुलियां बह गईं। इससे मशियार, कमेडा, मझली और थानेगढ़ सहित कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है।
शिमला में रविवार देर रात ठियोग बाईपास पर भूस्खलन के कारण सड़क किनारे खड़ी एक कार पर मलबा और बड़े पत्थर गिर गए। वहीं पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंडी जिले के नारला और भटोग के पास नवनिर्मित पुलों की अप्रोच धंसने के कारण वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। यातायात को फिलहाल पुराने मार्ग से डायवर्ट किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार पांवटा साहिब में 75.8 मिमी, श्रीनयना देवी जी में 68.2 मिमी और ऊना में 57 मिमी बारिश दर्ज की गई। प्रदेशभर में फिलहाल 109 सड़कें बंद हैं, जबकि 30 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील कर रहा है।













