3 August 2026 Fact Recorder
Sports Desk: भारत के श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनके स्थान पर जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि बुमराह के बाएं घुटने की चोट पूरी तरह ठीक नहीं हुई है। मेडिकल टीम की सलाह पर उन्हें आराम दिया गया है, जिसके बाद चयनकर्ताओं ने आकिब नबी पर भरोसा जताया।
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
आकिब नबी ने घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उन्होंने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सीजन में 104 विकेट हासिल किए हैं। इनमें 2025-26 सीजन में 60 विकेट शामिल हैं, जहां उन्होंने जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।
हाल ही में आकिब नबी इंडिया ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर भी गए थे, जहां उन्होंने दो अनौपचारिक टेस्ट मैचों में 6 विकेट लेकर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
श्रीलंका दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।
श्रीलंका दौरे का कार्यक्रम
टीम इंडिया 4 अगस्त को श्रीलंका रवाना होगी। 7 अगस्त से कोलंबो में तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेला जाएगा। इसके बाद पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में और दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा।













