3 August 2026 Fact Recorder
Bollywood Desk: स्टंट रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ के सेट पर अभिनेता गौरव खन्ना एक खतरनाक स्टंट के दौरान घायल हो गए। स्टंट पूरा करने के बाद उनकी पीठ पर गंभीर चोट आई, जिसकी तस्वीर और वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किए। हालांकि चोट लगने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और स्टंट पूरा किया।
गौरव खन्ना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उनकी पीठ पर चोट के गहरे निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि टीवी पर इस स्टंट को दोबारा देखकर उन्हें फिर वही दर्द महसूस हुआ। उन्होंने इसे अब तक का सबसे दर्दनाक अनुभव बताया।
गौरव ने बताया कि इस स्टंट को चार कंटेस्टेंट्स ने पूरा किया था और आज भी उनके शरीर पर उस चोट के निशान मौजूद हैं। उन्होंने वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए साथी कंटेस्टेंट ओरहान अवात्रामणि (ओरी) का भी धन्यवाद किया।
गौरव की पोस्ट सामने आने के बाद फैंस सोशल मीडिया पर उनकी बहादुरी की सराहना कर रहे हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
इससे पहले एक इंटरव्यू में गौरव ने बताया था कि उनकी मां नहीं चाहती थीं कि वह ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का हिस्सा बनें। उनका कहना था कि शो सिर्फ मानसिक ही नहीं बल्कि शारीरिक रूप से भी बेहद चुनौतीपूर्ण है और उनकी मां को उनकी सुरक्षा की चिंता रहती थी।
बता दें कि ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का प्रीमियर 1 अगस्त को हुआ था। इस सीजन में गौरव खन्ना के अलावा अविनाश मिश्रा, अविका गौर, जैस्मिन भसीन, रुबीना दिलैक, करण वाही, ऋत्विक धनजानी, विशाल आदित्य सिंह, हर्ष गुजराल, शगुन शर्मा, फरहाना भाट और ओरहान अवात्रामणि (ओरी) भी बतौर कंटेस्टेंट नजर आ रहे हैं।













