3 August 2026 Fact Recorder
International Desk: रविवार सुबह मिस्र और म्यांमार में भूकंप के झटके महसूस किए गए। मिस्र में रिक्टर स्केल पर 5.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जबकि म्यांमार में 3.3 तीव्रता के हल्के झटके आए। दोनों देशों में फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
मिस्र में भूकंप सुबह तड़के करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। अधिकारियों के अनुसार इसका केंद्र स्वेज शहर से लगभग 38 किलोमीटर दूर था। भूकंप के झटके आसपास के इलाकों में भी महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई।
भूकंप के बाद मिस्र रेड क्रिसेंट ने प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन योजना सक्रिय कर दी है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी क्षतिग्रस्त इमारत के पास न जाएं और केवल सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने पूरे देश में इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्लान लागू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एम्बुलेंस और राहत एजेंसियों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है।
वहीं, म्यांमार में भी सुबह 3.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। यह भूकंप करीब 105 किलोमीटर की गहराई पर आया। हालांकि यहां भी किसी तरह के नुकसान या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
गौरतलब है कि मिस्र और पूर्वी भूमध्यसागरीय क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से सक्रिय माने जाते हैं। हालांकि इस तीव्रता के भूकंप आमतौर पर बड़े नुकसान का कारण नहीं बनते। मिस्र के आधुनिक इतिहास का सबसे विनाशकारी भूकंप वर्ष 1992 में आया था, जिसकी तीव्रता 5.8 थी। उस हादसे में 500 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और हजारों लोग बेघर हो गए थे।













