1 August 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 14 प्रधानाचार्यों (स्कूल संवर्ग) को उपनिदेशक शिक्षा (डीडीई) के पद पर प्लेसमेंट दी है। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार सभी अधिकारियों की नई तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
शिक्षा सचिव राकेश कंवर द्वारा जारी आदेशों के मुताबिक, उपमा शर्मा को डीडीई क्वालिटी चंबा, विजय कुमार और अनिल कुमार (धंगोटा) को डीडीई (मुख्यालय) शिमला, ओंकार सिंह को डीडीई (प्रारंभिक) किन्नौर, कृष्ण देव को डिप्टी डायरेक्टर उच्च शिक्षा कुल्लू, सुरेश कुमार को डीडीई क्वालिटी लाहौल-स्पीति, नीरज गर्ग को डीडीई क्वालिटी ऊना, मनोहर लाल को डीडीई (प्रारंभिक) चंबा, सीमा धीमान को परिवहन विभाग के रोड सेफ्टी सेल, ज्ञान चंद को डीडीई क्वालिटी कुल्लू, नवनीत ठाकुर को डीडीई सेकेंडरी लाहौल-स्पीति, अनीता शर्मा को डीडीई क्वालिटी सिरमौर, मदन लाल को डीडीई सेकेंडरी सिरमौर तथा अनिल कुमार (जसूर) को डीडीई क्वालिटी शिमला में नियुक्त किया गया है।
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी वर्तमान में अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अधिकारियों से कार्यभार लेकर तुरंत नई तैनाती स्थल पर ज्वाइन करें। वित्त विभाग के 24 मई 2023 के निर्देशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई अधिकारी निर्धारित समय में कार्यभार ग्रहण नहीं करता है तो उसका प्लेसमेंट आदेश स्वतः निरस्त माना जाएगा और वरिष्ठता सूची में अगले पात्र अधिकारी को अवसर दिया जाएगा। इसके लिए किसी भी प्रकार का अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि ये सभी प्लेसमेंट सुप्रीम कोर्ट में लंबित एसएलपी (सिविल) संख्या 26276/2024, लेखराज एवं अन्य बनाम हिमाचल प्रदेश सरकार एवं अन्य के अंतिम निर्णय के अधीन रहेंगे। न्यायालय के फैसले के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग में लंबे समय से रिक्त पड़े उपनिदेशक स्तर के पदों को भरने की दिशा में इस फैसले को अहम माना जा रहा है। इससे जिला और राज्य स्तर पर शिक्षा प्रशासन, शैक्षणिक निगरानी और विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।













