22 July 2026, Fact Recorder
Chandigarh Desk: सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH-32) में मंगलवार शाम MBBS अंतिम वर्ष के एक छात्र की छठी मंजिल से गिरने के बाद मौ*त हो गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय करण सिंह के रूप में हुई है, जो सेक्टर-32 का निवासी था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो छात्र गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे तुरंत अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृ*त घोषित कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, करण सिंह के माता-पिता निजी चिकित्सक हैं। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। हालांकि, इस संबंध में परिवार या अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम बुधवार को कराया जाएगा। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह हादसा था या आ*त्महत्या का मामला।
गौरतलब है कि इस वर्ष GMCH-32 में संदिग्ध आत्महत्या का यह दूसरा मामला है। इससे पहले पिछले महीने अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के बाथरूम में एक जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर मृ*त पाया गया था।













