18 July 2026 Fcat Recorder
Sports Desk: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाएगा। सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है और तीसरा मुकाबला विजेता का फैसला करेगा। इस मैच में भारतीय टीम के वरिष्ठ बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने जा रहे हैं।
लॉर्ड्स में मैदान पर उतरते ही रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी एक साथ 400 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली भारत की पहली जोड़ी बन जाएगी। भारतीय क्रिकेट इतिहास में इससे पहले कोई भी दो खिलाड़ी एक साथ इतने अंतरराष्ट्रीय मुकाबले नहीं खेल सके हैं।
इस उपलब्धि के साथ रोहित-विराट की जोड़ी भारत के महान खिलाड़ियों सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ की जोड़ी से भी आगे निकल जाएगी। सचिन और द्रविड़ ने साथ मिलकर 391 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे।
हालांकि, दुनिया में एक साथ सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का रिकॉर्ड श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने के नाम है। दोनों खिलाड़ियों ने एक साथ 550 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में मैदान साझा किया था।
इस बीच रोहित शर्मा के वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने की अटकलों को भी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने खारिज कर दिया है। ऐसे में लॉर्ड्स का यह मुकाबला न केवल सीरीज के लिहाज से अहम होगा, बल्कि रोहित शर्मा और विराट कोहली की ऐतिहासिक उपलब्धि के कारण भी खास माना जा रहा है।













