8 July 2026 Fact Recorder
National Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा के बाद श्री काल भैरव मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश और देश के सुख, शांति एवं लोककल्याण की कामना करते हुए विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
काल भैरव मंदिर में मुख्यमंत्री ने आरती में भाग लिया और भगवान काल भैरव का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन किया तथा बच्चों से भी आत्मीय मुलाकात की।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचकर गर्भगृह में षोडशोपचार विधि से पूजा की और प्रदेश की समृद्धि एवं जनकल्याण की प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
विद्युत सब स्टेशन का किया निरीक्षण
मंदिरों में दर्शन से पहले मुख्यमंत्री ने चौकाघाट स्थित विद्युत सब स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेने के बाद उन्होंने सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
विवाह समारोह में भी हुए शामिल
वाराणसी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के पुत्र के विवाह समारोह में भी शिरकत की। उन्होंने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।













