Home Hindi पंजाब में जल्द दस्तक देगा मानसून, 6 जुलाई तक येलो अलर्ट; 2...

पंजाब में जल्द दस्तक देगा मानसून, 6 जुलाई तक येलो अलर्ट; 2 जुलाई से तेज होंगी बारिश की गतिविधियां

01 जुलाई 2026  Fact Recorder

Punjab Desk:  पंजाब में मानसून का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में मानसून के पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में प्रवेश करने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।

मौसम विभाग ने 1 जुलाई से 6 जुलाई तक पूरे पंजाब के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना है। विभाग के अनुसार 2 जुलाई से बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी, जबकि 4 जुलाई तक कई इलाकों में भारी बारिश होने के आसार हैं।

गर्मी और उमस से मिलेगी राहत

मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के कारण राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मंगलवार को पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने से अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। फरीदकोट में सबसे अधिक 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान

  • अमृतसर – 37.2°C
  • लुधियाना – 38.8°C
  • पटियाला – 37.3°C
  • पठानकोट – 35.3°C
  • बठिंडा – 43.2°C
  • फाजिल्का – 40.5°C
  • फिरोजपुर – 36.4°C
  • होशियारपुर – 35.5°C
  • रूपनगर – 39.9°C

न्यूनतम तापमान

अमृतसर में 30.3°C, लुधियाना 28.6°C, पटियाला 29.8°C, पठानकोट 26.7°C, बठिंडा 32.9°C, गुरदासपुर 27.0°C और एसबीएस नगर में 27.1°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहें तथा मौसम खराब होने पर अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें।