01 July 2026 Fact Recorder
International Desk: पाकिस्तान के लाहौर शहर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन इमारत में संचालित एक निजी ट्यूशन सेंटर की छत अचानक गिरने से 14 स्कूली छात्रों की मौ*त हो गई, जबकि 20 अन्य बच्चे और एक महिला शिक्षिका घायल हो गए। राहत और बचाव दल मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश में जुटे हैं।
पुलिस के अनुसार, हादसा लाहौर के घनी आबादी वाले काहना नौ इलाके में हुआ। घटना के समय 7 से 13 वर्ष की उम्र के 30 से अधिक बच्चे ट्यूशन सेंटर में पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे सभी बच्चे मलबे के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मलबे में अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है, इसलिए राहत अभियान लगातार जारी है।
ठेकेदार गिरफ्तार
लाहौर के डीआईजी ऑपरेशन फैसल कामरान ने बताया कि अब तक मलबे से 14 बच्चों के शव निकाले जा चुके हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमारत का एक हिस्सा निर्माणाधीन था और हादसे के समय वहां मजदूर भी काम कर रहे थे। मामले में लापरवाही के आरोप में संबंधित ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मृ*तकों की संख्या बढ़ने की आशंका
लाहौर जिला शिक्षा प्राधिकरण के सीईओ तारिक महमूद ने बताया कि स्थानीय महिला इस इमारत में निजी ट्यूशन सेंटर चला रही थीं। राहत कार्य में जुटी ईधी फाउंडेशन के अनुसार, कुछ बच्चों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने दिए जांच के आदेश
पंजाब (पाकिस्तान) की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन को घटना की विस्तृत जांच करने, लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ मामला दर्ज करने तथा सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।













