Home Chandigarh चंडीगढ़ ह*त्याकांड: सिल्वर सूटकेस बना पुलिस का सबसे बड़ा सुराग, CCTV ट्रेल...

चंडीगढ़ ह*त्याकांड: सिल्वर सूटकेस बना पुलिस का सबसे बड़ा सुराग, CCTV ट्रेल से तीनों शूटर गिरफ्तार

चंडीगढ़, 22 जून 2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk:  सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार केमिस्ट के कैशियर जानकी दास की हत्या के मामले में एक साधारण सिल्वर रंग का सूटकेस पुलिस जांच का सबसे अहम सुराग बनकर सामने आया। इसी सूटकेस की मदद से चंडीगढ़ पुलिस ने हत्या के बाद फरार हुए तीनों आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चंडीगढ़ से दिल्ली और फिर ट्रेन के जरिए जम्मू पहुंच गए थे। फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिनमें आरोपी लगातार एक ही सिल्वर रंग के सूटकेस के साथ दिखाई दिए। इसी सुराग के आधार पर पुलिस उनकी गतिविधियों और लोकेशन का पता लगाती रही।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, यात्रा रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आरोपियों की मौजूदगी जम्मू-कश्मीर में चिन्हित की गई। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने जम्मू पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आर्यन, सन्नी मेहरा और अमित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में पांच दिन का समय लगा।

भागने की कोशिश में पुलिस मुठभेड़

गिरफ्तारी के बाद चंडीगढ़ पुलिस आर्यन और सन्नी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शहर पहुंची। धनास क्षेत्र के पास क्राइम ब्रांच की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसका फायदा उठाकर दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर फायरिंग भी की।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। उन्हें पहले पीजीआई और बाद में सेक्टर-16 अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। तीसरा आरोपी अमित फिलहाल जम्मू पुलिस की हिरासत में है और सात दिन के रिमांड पर है।

दिनदहाड़े की गई थी ह*त्या

पुलिस के अनुसार, 13 जून को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के इशारे पर दो शूटर सेक्टर-11 मार्केट पहुंचे थे। उन्होंने पहले विभिन्न केमिस्ट दुकानों की रेकी की और फिर एससीओ नंबर-14 स्थित श्री कुमार केमिस्ट में मास्क पहनकर दाखिल हुए।

आरोपियों ने कुछ ही सेकंड में कैशियर जानकी दास पर 13 राउंड फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों शूटर दुकान से बाहर निकले, जहां उनका तीसरा साथी बाइक पर इंतजार कर रहा था। इसके बाद तीनों मौके से फरार हो गए।

500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पहले कजहेड़ी पहुंचे, जहां उन्होंने कपड़े बदले। इसके बाद वे बस से दिल्ली गए और पहाड़गंज के एक होटल में रुके। वहां से ट्रेन पकड़कर जम्मू रवाना हो गए।

आरोपियों की तलाश के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने चंडीगढ़, दिल्ली और जम्मू के रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। अकेले चंडीगढ़ में ही 100 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान आरोपियों की हर महत्वपूर्ण लोकेशन पर वही सिल्वर सूटकेस दिखाई दिया, जिसने आखिरकार पुलिस को आरोपियों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।