3 June 2026 Fact Recorder
National Desk: उत्तराखंड के हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। देहरादून से दिल्ली होते हुए जयपुर जा रही महालक्ष्मी फिलिप्स वॉल्वो बस में अचानक आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक और परिचालक की सतर्कता के चलते बस में सवार सभी 32 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, वॉल्वो बस हाईवे पर स्थित क्रिस्टल वर्ल्ड के पास पहुंची ही थी कि तकनीकी खराबी के कारण उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में बस आग के गोले में तब्दील हो गई।
घटना के दौरान यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उनका अधिकांश सामान बस में ही रह गया, जो आग में जलकर राख हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि या गंभीर चोट की सूचना नहीं है। बस चालक की पहचान राजस्थान के उदयपुर निवासी अरुण कुमार के रूप में हुई है, जबकि परिचालक रिंकू धौलपुर जिले के कंचनपुर गांव का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस और अग्निशमन विभाग प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी को आग लगने का कारण मान रहे हैं। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।













