अहमदाबाद, 1 जून 2026 Fact Recorder
Sports Desk: आईपीएल 2026 के फाइनल के बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और विराट कोहली की मुलाकात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिताब जीतने के बाद वैभव मैदान पर पहुंचे और विराट कोहली से मुलाकात की।
खास बात यह रही कि आईपीएल के दौरान जहां वैभव सूर्यवंशी अक्सर वरिष्ठ खिलाड़ियों से मिलते समय उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेते नजर आए, वहीं विराट कोहली से मुलाकात के दौरान उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसके बजाय उन्होंने दूर से ही हाथ जोड़कर विराट का अभिवादन किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही मुलाकात की तस्वीर और वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही दोनों आमने-सामने आते हैं, वैभव हाथ जोड़कर सम्मान प्रकट करते हैं। इसके बाद विराट कोहली उनसे हाथ मिलाते हैं और उनके कंधे पर हाथ रखकर कुछ देर बातचीत करते हैं।
तस्वीरों और वीडियो से यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि विराट ने वैभव को अपने खेल पर ध्यान केंद्रित रखने और लगातार मेहनत करते रहने की सलाह दी।
आईपीएल 2026 में दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। वैभव सूर्यवंशी ने 16 मैचों में सर्वाधिक 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। उन्होंने पूरे सीजन में 72 छक्के लगाकर एक नया रिकॉर्ड भी बनाया। उनका स्ट्राइक रेट भी टूर्नामेंट में सबसे बेहतर रहा।
वहीं विराट कोहली ने भी अपने अनुभव का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 16 मैचों में 675 रन बनाए। फाइनल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मुकाबलों में वह टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी हैं।
वैभव और विराट की यह मुलाकात, उनकी तस्वीरें और दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियां अब क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं।













