Home Hindi इंटरनेशनल एवरेस्ट डे: माउंट एवरेस्ट फतह करने वाला इकलौता क्रिकेटर, मौत को...

इंटरनेशनल एवरेस्ट डे: माउंट एवरेस्ट फतह करने वाला इकलौता क्रिकेटर, मौत को भी दी मात

29 May 2026 Fact Recorder

Sports Desk: हर साल 29 मई को दुनिया भर में International Everest Day मनाया जाता है। यह दिन दुनिया की सबसे ऊंची चोटी Mount Everest को पहली बार फतह किए जाने की याद में मनाया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि क्रिकेट की दुनिया में सिर्फ एक ही खिलाड़ी ऐसा है जिसने माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई कर इतिहास रचा? यह नाम है न्यूजीलैंड के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज Adam Parore का।

एडम परोरे ने साल 2011 में माउंट एवरेस्ट फतह किया था। खास बात यह है कि उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के करीब 9 साल बाद यह साहसिक कारनामा किया। 8,848 मीटर ऊंची इस चोटी तक पहुंचना बेहद खतरनाक माना जाता है और कई पर्वतारोही यहां अपनी जान भी गंवा चुके हैं।

परोरे ने बताया था कि एवरेस्ट चढ़ाई की तैयारी के लिए वह 27 मार्च 2011 को नेपाल पहुंच गए थे। वहां उन्होंने हिमालय एक्सपीरियंस कंपनी के साथ ट्रेनिंग ली और खुद को कठिन मौसम और ऊंचाई के अनुसार ढालने की तैयारी की।

चढ़ाई के दौरान एक ऐसा पल भी आया जब उनकी ऑक्सीजन खत्म हो गई थी। एडम परोरे के मुताबिक, अगर उनके साथ मौजूद शेरपा मदद नहीं करता तो शायद वह जिंदा वापस नहीं लौट पाते। उन्होंने कहा था कि उस मुश्किल समय में शेरपा उनके लिए किसी मसीहा से कम नहीं था।

एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचने के बाद भी हालात आसान नहीं थे। परोरे ने बताया कि वहां खड़े रहना भी बेहद कठिन था। उन्होंने करीब 20 मिनट चोटी पर बिताए, कुछ तस्वीरें खिंचवाईं और फिर नीचे उतरना शुरू किया। नीचे आने के बाद उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी और कुछ समय के लिए उनकी आवाज भी चली गई थी।

अगर उनके क्रिकेट करियर की बात करें तो एडम परोरे ने कुल 257 इंटरनेशनल मैच खेले। उन्होंने टेस्ट और वनडे क्रिकेट मिलाकर 6000 से ज्यादा रन बनाए। विकेटकीपर के तौर पर उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए सैकड़ों कैच और स्टंपिंग कीं।

5 जुलाई 1990 को इंग्लैंड के खिलाफ इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले एडम परोरे न्यूजीलैंड के लिए खेलने वाले पहले माओरी क्रिकेटर भी थे। लेकिन क्रिकेट के अलावा माउंट एवरेस्ट फतह करने की उपलब्धि ने उन्हें खेल जगत में हमेशा के लिए खास बना दिया।