29 May 2026 Fact Recorder
Bollywood Desk: Don 3 को लेकर जारी विवाद अब नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Salman Khan ने इस मामले में एंट्री ली है और वह Ranveer Singh और Farhan Akhtar के बीच चल रहे मतभेद को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं।
दरअसल, रणवीर सिंह के ‘डॉन 3’ से अलग होने की खबरों के बाद विवाद बढ़ गया। इसके बाद FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ ‘नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव’ जारी किया। हालांकि फेडरेशन इसे आधिकारिक “बैन” नहीं मान रही है, लेकिन इंडस्ट्री में इस कदम को बड़ा झटका माना जा रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फरहान अख्तर की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट का दावा है कि रणवीर के फिल्म छोड़ने से करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि रणवीर ने नुकसान की भरपाई को लेकर बातचीत की पेशकश भी की थी, लेकिन मामला अभी तक सुलझ नहीं पाया है।
इसी बीच खबर सामने आई है कि सलमान खान दोनों पक्षों को साथ बैठाकर विवाद खत्म करवाना चाहते हैं। कहा जा रहा है कि सलमान ने फरहान अख्तर को समझाया कि क्रिएटिव मतभेद फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा होते हैं और उन्हें बातचीत के जरिए हल किया जाना चाहिए। वहीं उन्होंने रणवीर सिंह का पक्ष भी सुना और उन्हें शांत तरीके से समाधान निकालने की सलाह दी।
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि सलमान खान इस मामले में एक “मेडिएटर” की भूमिका निभा रहे हैं। वह चाहते हैं कि यह विवाद कानूनी लड़ाई तक न पहुंचे और दोनों पक्ष बिना किसी सार्वजनिक टकराव के समझौते पर पहुंच जाएं।
सूत्रों के मुताबिक, रणवीर सिंह और फरहान अख्तर दोनों ने सलमान खान की बातों को गंभीरता से लिया है। अब दोनों पक्षों की ओर से ऐसा रास्ता निकालने की कोशिश की जा रही है जिससे भविष्य में फिर साथ काम करने की संभावना बनी रहे।
हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक सलमान खान, रणवीर सिंह या फरहान अख्तर की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या सलमान खान वाकई इस विवाद को खत्म कर पाएंगे।













