26 May 2026 Fact Recorder
Haryana Desk: Gurmeet Ram Rahim Singh एक बार फिर रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आ गया है। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को इस बार 30 दिनों की पैरोल मिली है। मंगलवार सुबह पैरोल मिलने के बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच Sirsa स्थित डेरे में ले जाया गया, जहां वह पैरोल अवधि के दौरान रहेगा।
बताया जा रहा है कि पिछले पांच महीनों में यह दूसरी बार है जब राम रहीम जेल से बाहर आया है। इससे पहले 5 जनवरी 2026 को उसे 40 दिनों की पैरोल मिली थी। राम रहीम के सिरसा डेरे पहुंचने के बाद समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में राम रहीम को कई बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है। इससे पहले भी वह अधिकतर मौकों पर सिरसा डेरा या उत्तर प्रदेश के बरनावा आश्रम में रहा है। इस बार भी उसका ठिकाना सिरसा डेरा ही रहेगा।
राम रहीम को बार-बार पैरोल मिलने को लेकर विरोध भी लगातार जारी है। कई लोग और संगठन हरियाणा सरकार पर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर डेरा प्रमुख को इतनी बार जेल से बाहर आने की अनुमति क्यों दी जा रही है। Shiromani Gurdwara Parbandhak Committee पहले भी अदालत में इस मुद्दे को उठा चुकी है।
डेरा प्रमुख 2017 से रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। उसे साध्वियों से यौन शोषण मामले में दोषी ठहराते हुए 20 साल की सजा सुनाई गई थी। हालांकि बाद के वर्षों में कुछ अन्य मामलों में उसे राहत मिली है।
हाल ही में Punjab and Haryana High Court ने पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में राम रहीम को बरी कर दिया था। इससे पहले रणजीत सिंह हत्याकांड में भी हाईकोर्ट ने उसे राहत दी थी। हालांकि साध्वी यौन शोषण मामले में सजा बरकरार रहने के कारण उसे जेल में ही रहना होगा।
राम रहीम को अब तक कई बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है, जिनमें 2022, 2023, 2024, 2025 और अब 2026 की रिहाइयां शामिल हैं। उसके जेल से बाहर आने पर हर बार राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा तेज हो जाती है।













