National Desk: प्रधानमंत्री Narendra Modi शनिवार को देशभर में आयोजित 19वें रोजगार मेले के तहत 51,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नव नियुक्त अभ्यर्थियों से संवाद भी करेंगे।
देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित होने वाले इस मेगा रोजगार मेले में केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इससे पहले आयोजित 18 रोजगार मेलों के जरिए करीब 12 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और उनके सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता लगातार मजबूत है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से देश के युवाओं को नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस भर्ती अभियान के तहत रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग समेत कई केंद्रीय संस्थानों में नियुक्तियां की जाएंगी।
पटना में कार्यक्रम का आयोजन दानापुर रेल परिसर में किया गया है, जहां रेलवे और अन्य विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। केंद्र सरकार का कहना है कि रोजगार मेला अभियान युवाओं को तेजी से सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।













