Home Himachal हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से लांसनायक मुकेश कुमार का...

हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से लांसनायक मुकेश कुमार का निधन, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

23 May 2026 Fact Recorder

Himachal Desk :  नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के टोका नंगला गांव के वीर सपूत लांसनायक मुकेश कुमार का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 15 फील्ड आर्टिलरी रेजिमेंट के जवानों ने अपने बहादुर साथी को अंतिम सलामी देकर भावभीनी विदाई दी।

30 वर्षीय मुकेश कुमार का निधन हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से हुआ था। शुक्रवार को उनकी पार्थिव देह पैतृक गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। छोटे भाई मंजीत कुमार ने नम आंखों से मुखाग्नि दी। इस दौरान माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं गांव के लोग भी गमगीन नजर आए।

अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोगों ने शामिल होकर वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब-शिलाई क्षेत्र के सदस्य भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सेना की टुकड़ी ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ अपने वीर सैनिक को अंतिम सलामी दी और “शहीद मुकेश कुमार अमर रहें” के जयघोष लगाए।

मुकेश कुमार का जन्म 25 जून 1996 को टोका नंगला गांव में पिता उजागर सिंह और माता राजबाला के घर हुआ था। उन्होंने 26 जून 2015 को भारतीय सेना की 15 आर्टिलरी रेजिमेंट में सेवा शुरू की थी। वर्तमान में वह देहरादून में तैनात थे। बचपन से ही खेलों और देशसेवा के प्रति उनका विशेष लगाव था।

मुकेश कुमार का छोटा भाई मंजीत कुमार भी सेना में कार्यरत है, जबकि बहन अनीता विवाहित है। परिवार बेटे की शादी के सपने देख रहा था, लेकिन अचानक हुई इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। कुछ दिन पहले ही मुकेश छुट्टी पर घर आए थे।

अंतिम संस्कार के दौरान सेना की ओर से लेफ्टिनेंट कर्नल संजय, कर्नल एच. नायर, सूबेदार मेजर सहित कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे। इसके अलावा एसडीएम द्विज गोयल, तहसीलदार पांवटा साहिब तथा भूतपूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

लांसनायक मुकेश कुमार को कर्तव्यनिष्ठ, बहादुर और देशसेवा के प्रति समर्पित सैनिक के रूप में याद किया जा रहा है। उनके आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।