22 May 2026 Fact Recorder
National Desk: Uttar Pradesh के Firozabad में गुरुवार देर रात लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मटसेना थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 46 किलोमीटर के पास कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक बस आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस पलट गई और उसमें तुरंत आग लग गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में लगी आग तेजी से फैल गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस हादसे में बस चालक शंभू की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चालक स्टेयरिंग में फंस गया था, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया। बस में सवार करीब दो दर्जन यात्री झुलस गए, जिनमें लगभग एक दर्जन की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में कुल 30 यात्री सवार थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और रात के अंधेरे को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।













