Home Himachal राहुल गांधी के बयान पर गरमाई सियासत, CM सुक्खू बोले- सच बोलने...

राहुल गांधी के बयान पर गरमाई सियासत, CM सुक्खू बोले- सच बोलने से भाजपा को होती है परेशानी

22 May 2026 Fact Recorder

Himachal Desk:  Sukhvinder Singh Sukhu ने लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi के बयान को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब देश और जनता से जुड़े मुद्दों पर सच बोलते हैं तो भाजपा को इससे परेशानी होती है।

शिमला पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी देश की सोच और भविष्य को लेकर सकारात्मक दिशा में काम कर रहे हैं, लेकिन भाजपा उन तथ्यों को स्वीकार नहीं करना चाहती। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमाचल सरकार ने विधवाओं और अनाथ बच्चों की मदद के लिए ईंधन पर 5 रुपये का सैस लगाने का कानून बनाया जरूर है, लेकिन उसे अभी लागू नहीं किया गया है।

सुक्खू ने भाजपा पर हिमाचल प्रदेश के हितों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता न तो केंद्र से घोषित 1500 करोड़ रुपये का पैकेज दिलाने में मदद कर रहे हैं और न ही आपदा प्रभावित परिवारों के लिए जमीन उपलब्ध कराने में सहयोग दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में प्राकृतिक आपदाओं से Himachal Pradesh को करीब 20 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। जलवायु परिवर्तन की चुनौती का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे निपटने के लिए पूरे देश को मिलकर काम करना होगा।

शिक्षा के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने भाजपा की पूर्व सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि “डबल इंजन सरकार” के दौरान प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था कमजोर हुई, जबकि वर्तमान सरकार ने पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम और सीबीएसई आधारित पढ़ाई शुरू कर शिक्षा स्तर में सुधार किया है।

नगर निकाय चुनावों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की बढ़त का दावा किया। उन्होंने कहा कि 47 में से 25 शहरी निकायों में कांग्रेस को जीत मिली है, जबकि पांच जगह मुकाबला बराबरी पर रहा। भाजपा के जीत के दावों को उन्होंने निराधार बताया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार किसानों से गेहूं, मक्का, जौ, हल्दी, अदरक और दूध उचित मूल्य पर खरीद रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। साथ ही पर्यटन और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए एयरपोर्ट विस्तार, हेलीपोर्ट और सड़क चौड़ीकरण जैसे काम किए जा रहे हैं।