22 May 2026 Fact Recorder
National Desk: देश की सुरक्षा में तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) की महिला जवानों ने एक नया इतिहास रच दिया है। बीएसएफ की ऑल-वुमन पर्वतारोहण टीम ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक तिरंगा लहराकर भारत का गौरव बढ़ाया। खास बात यह रही कि टीम ने एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचकर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ गाया, जिसने इस उपलब्धि को और भी खास बना दिया।
बीएसएफ के अनुसार, गुरुवार सुबह भारतीय समयानुसार करीब 8 बजे महिला टीम ने 8,848.86 मीटर ऊंची माउंट एवरेस्ट की चोटी पर सफलता पूर्वक चढ़ाई पूरी की। इस ऐतिहासिक अभियान में पश्चिम बंगाल की कांस्टेबल मुनमुन घोष, लद्दाख की कांस्टेबल कौसर फातिमा, उत्तराखंड की कांस्टेबल राबिका सिंह और कारगिल की कांस्टेबल सेरिंग चोरोल शामिल रहीं।
गृह मंत्री Amit Shah ने टीम की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि बीएसएफ की महिला जवानों ने साहस, समर्पण और देशभक्ति की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि “नारी शक्ति ने बीएसएफ की अजेय ताकत को दुनिया के सामने साबित किया है।”
बीएसएफ ने बताया कि यह अभियान ‘वंदे मातरम्’ की प्रेरणादायक विरासत को समर्पित था। इस मिशन की शुरुआत 6 अप्रैल को दिल्ली से हुई थी। अभियान का उद्देश्य बीएसएफ के हीरक जयंती वर्ष और वर्ष 2026 में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर को खास बनाना था।
बीएसएफ महानिदेशक प्रवीण कुमार ने रेडियो लिंक के जरिए महिला पर्वतारोहियों से बातचीत कर उन्हें इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई दी। करीब 2.7 लाख जवानों वाले बीएसएफ के लिए यह उपलब्धि गर्व का बड़ा क्षण माना जा रहा है।













