22 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: राजस्थान के बाड़मेर जिले के बायतू क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-25 पर बायतू पेट्रोल पंप के पास एक निजी स्कूल बस को पीछे से कूलर से भरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय बस में 36 स्कूली बच्चे सवार थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में बैठे 10 बच्चे घायल हो गए। इनमें से 5 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए बालोतरा जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक एक बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य बच्चों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर और दांत टूटने जैसी चोटें आई हैं। हालांकि सभी बच्चे फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए।
अस्पताल में एसडीएम अशोक विश्नोई, डीएसपी अनिल पुरोहित और सीआई हिंगलाजदान ने पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और अस्पताल प्रशासन को बच्चों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। बायतू थाना प्रभारी मनोहर विश्नोई ने बताया कि ट्रक ने पीछे से बस को टक्कर मारी, जिससे बच्चे घायल हुए।
बाड़मेर एसपी चूनाराम जाट भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने बस और ट्रक दोनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।













