कांके ह*त्याकांड में पुलिस की बड़ी सफलता: मुख्य शूटर सत्यम पाठक मुठभेड़ में घायल

22 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:   रांची के कांके में पूर्व पार्षद और जमीन कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और शूटर सत्यम पाठक को मुठभेड़ में घायल कर दिया। यह कार्रवाई बुधवार सुबह पंडरा ओपी क्षेत्र के कांके डैम के पास की गई।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सत्यम पाठक इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां आरोपी और पुलिस के बीच आमना-सामना हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति मुठभेड़ में बदल गई।

आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में सत्यम पाठक के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

गौरतलब है कि मंगलवार को पंडरा के ओटीसी मैदान के पास जमीन कारोबारी और पूर्व पार्षद भार्गव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि इस वारदात को सत्यम पाठक ने अंजाम दिया था।

पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड विजय टेटे है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।