22 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Health Desk: गर्मियों के मौसम में तरबूज सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले फलों में शामिल है। इसमें करीब 90 प्रतिशत पानी होता है, इसलिए यह शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। कई लोगों के मन में यह सवाल भी रहता है कि क्या तरबूज किडनी के लिए फायदेमंद है या इससे नुकसान हो सकता है।
डायटिशियन डॉ. अनामिका गौर के अनुसार, सीमित मात्रा में तरबूज खाना किडनी के लिए नुकसानदायक नहीं होता, बल्कि यह कई तरह से फायदा पहुंचा सकता है। तरबूज में पानी, विटामिन सी, पोटैशियम और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
उन्होंने बताया कि तरबूज में मौजूद पानी शरीर में पानी की कमी नहीं होने देता, जिससे किडनी पर दबाव कम पड़ता है। इसके अलावा इसमें पाया जाने वाला अमीनो एसिड किडनी के लिए लाभकारी माना जाता है और यह किडनी स्टोन के खतरे को भी कुछ हद तक कम कर सकता है।
किडनी की बीमारी से जूझ रहे लोग भी डॉक्टर की सलाह के बाद सीमित मात्रा में तरबूज खा सकते हैं। हालांकि जिन मरीजों को किडनी की गंभीर समस्या है, उन्हें बिना डॉक्टर की सलाह के इसका सेवन नहीं करना चाहिए, क्योंकि तरबूज में पोटैशियम की मात्रा भी होती है।
डॉ. अनामिका ने यह भी साफ किया कि तरबूज किडनी को “साफ” या “डिटॉक्स” नहीं करता। यह सिर्फ शरीर को हाइड्रेट रखने और जरूरी पोषण देने में मदद करता है। किडनी खुद ही शरीर से गंदगी और टॉक्सिन बाहर निकालने का काम करती है। इसलिए यह मानना गलत है कि केवल तरबूज खाने से किडनी साफ हो जाती है।











