जर्मनी के गुरुद्वारे में खूनी बवाल: कमेटी विवाद में 11 घायल, कृपाण और पिस्टल तक चली

21 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk: जर्मनी के मोर्स शहर के ड्यूसबर्ग इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे में रविवार को दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें कम से कम 11 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गुरुद्वारे की नई और पुरानी कमेटी के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद अचानक हिंसा में बदल गया।

झड़प में करीब 40 लोग शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि चाकू, कृपाण, पेपर स्प्रे और एक पिस्टल तक का इस्तेमाल किया गया। हालांकि पुलिस को अब तक कोई असली हथियार नहीं मिला है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि इस्तेमाल की गई पिस्टल ब्लैंक-फायरिंग थी, जिससे केवल आवाज निकलती है।

सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोग गुरुद्वारे के अंदर एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पेपर स्प्रे का इस्तेमाल, मारपीट और धारदार हथियार लहराते लोग नजर आ रहे हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद गुरुद्वारे की कमेटी के चुनाव और फंड को लेकर था। पुराने और नए प्रबंधन के बीच गुरुद्वारे के नियंत्रण, चढ़ावे के पैसे और फैसले लेने के अधिकार को लेकर काफी समय से तनाव चल रहा था। एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि हमला पहले से योजनाबद्ध लग रहा था, क्योंकि झगड़ा शुरू होते ही कुछ लोगों ने पेपर स्प्रे और हथियार निकाल लिए।

घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जर्मन पुलिस ने स्पेशल टैक्टिकल यूनिट और करीब 100 पुलिसकर्मियों को तैनात किया। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और पुलिस यह जांच कर रही है कि हमला किसने शुरू किया और किसने हथियारों का इस्तेमाल किया।