बद्दी में बड़ा हादसा: ट्रांसफार्मर की चिंगारी से दो कारें जलकर राख

21 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk:  बद्दी में बड़ा हादसा: ट्रांसफार्मर की चिंगारी से दो कारें जलकर राख बद्दी (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। वार्ड नंबर-8 स्थित बसंती बाग मार्केट में पार्किंग में खड़ी दो कारें अचानक आग की चपेट में आ गईं और देखते ही देखते पूरी तरह जलकर राख हो गईं।

जानकारी के अनुसार, दोनों वाहन एक बिजली ट्रांसफार्मर के पास खड़े थे। अचानक ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग हुई और उससे निकली चिंगारी पास खड़ी कारों पर जा गिरी। चिंगारी गिरते ही दोनों गाड़ियों में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग इतनी तेज हो गई कि दोनों कारें पूरी तरह जल गईं।

स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों वाहनों को भारी नुकसान हो चुका था।

बताया जा रहा है कि जली हुई एक कार ब्रेजा थी, जिसके मालिक पंचकूला सेक्टर-10 निवासी पंडित मुरारी लाल हैं। वह बद्दी-साईं रोड पर ज्योतिष सेवा का कार्य करते हैं। दूसरी कार देहरादून के विकासनगर निवासी रामकुमार की थी, जो बद्दी की एक कंपनी में कार्यरत हैं।

इस घटना के बाद लोगों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन बिजली ट्रांसफार्मर और खुले बिजली तारों से दूर खड़े करें। गर्मियों के मौसम में ट्रांसफार्मर और बिजली लाइनों में स्पार्किंग की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है।