17 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Himachal Desk: मौसम विभाग ने 17 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर 18 और 19 अप्रैल को भी जारी रह सकता है। इन दिनों ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है।
तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को नुकसान हो रहा है। कई क्षेत्रों में गेहूं की कटाई शुरू हो चुकी है, जिससे खड़ी फसल को सबसे अधिक नुकसान होने की आशंका है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
आंकड़ों के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में अप्रैल महीने में अब तक 57.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 86 प्रतिशत अधिक है।
वीरवार को रोहतांग, बारालाचा और कुंजुम क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि शिमला में बादल छाए रहे। दिन के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया।
राज्य में सबसे अधिक तापमान ऊना में 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नौ प्रमुख स्थानों पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान में भी 1 से 2 डिग्री सेल्सियस का बदलाव देखने को मिला, जहां कुछ जगहों पर वृद्धि और कुछ में गिरावट दर्ज की गई।













