हरियाणा में ऑनलाइन रजिस्ट्री प्रणाली का शुभारंभ, पहले ही दिन 109 आवेदन हुए स्वीकृत 

हरियाणा में ऑनलाइन रजिस्ट्री प्रणाली का शुभारंभ, पहले ही दिन 109 आवेदन हुए स्वीकृत 
RECORDER - 1

प्रदेश में पारदर्शी एवं पेपरलेस रजिस्ट्रियों की दिशा में बड़ा कदम: विपुल गोयल

 चंडीगढ, 04 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk:  हरियाणा सरकार ने प्रदेश में रजिस्ट्री प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और भ्रष्टाचार रहित बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए ऑनलाइन रजिस्ट्री प्रणाली का शुभारंभ किया है। इस नई व्यवस्था के अंतर्गत नागरिक अब अपनी संपत्ति संबंधी रजिस्ट्री के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं पेपरलेस रूप में सम्पन्न होगी।

प्रणाली के पहले ही दिन प्रदेशभर में नागरिकों की उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया देखने को मिली। पहले दिन प्राप्त आवेदनों में से 109 आवेदन स्वीकृत (Approved) किए गए हैं, जो इस नई पहल की सफलता का प्रमाण हैं।इस अवसर पर हरियाणा के राजस्व मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य नागरिकों को पारदर्शी, सुविधाजनक और समयबद्ध सेवाएँ प्रदान करना है। ऑनलाइन रजिस्ट्री प्रणाली से न केवल भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा बल्कि लोगों का कीमती समय और संसाधन भी बचेंगे। अब प्रदेश में सभी रजिस्ट्रियां पूरी तरह पारदर्शी और पेपरलेस होंगी।

उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा इस प्रणाली के माध्यम से डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए सभी रजिस्ट्री प्रक्रियाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ा गया है। नागरिक अब घर बैठे अपने दस्तावेज़ अपलोड कर सकेंगे, भुगतान ऑनलाइन कर पाएंगे और निर्धारित समय पर रजिस्ट्री की पुष्टि प्राप्त कर सकेंगे।

राजस्व मंत्री ने इस परियोजना में जुड़े सभी अधिकारियों और तकनीकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में इस प्रणाली को और अधिक उपयोगी एवं नागरिक हितैषी बनाया जाएगा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इसकी शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लाडवा से की थी। एक नवम्बर से पेपरलेस ऑनलाइन रजिस्ट्रियां पूरे प्रदेश में प्रभावी है।

पहले दिन जिलेवार ऑनलाइन रजिस्ट्रियों के आवेदन स्वीकृत                                                          अंबाला में 1, भिवानी में 1, फरीदाबाद में 2, फतेहाबाद में 5, गुरुग्राम में 2, हिसार में 3, झज्जर में 2, जींद में 1, करनाल 3, कुरुक्षेत्र में 58, महेंद्रगढ़ में 21, मेवात में 3, रेवाड़ी में 5 और रोहतक में 1 आवेदन स्वीकृत हुए।