![]()
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी तारा सिंह उर्फ आशीष।
पानीपत में एक डेयरी संचालक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह के नेतृत्व में सीआईए-1 की टीम ने कार्रवाई की। आरोपी ने गाय-भैंसों की डेयरी में सो रहे डेयरी संचालक की हत्या की थी।
।
आरोपी की पहचान तारा सिंह उर्फ आशीष के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कनसुरी का रहने वाला है और फिलहाल पानीपत की जावा कॉलोनी में रह रहा था। मामला 10 मार्च का है, जब हरि सिंह कॉलोनी तहसील कैंप के रहने वाले 60 वर्षीय जल सिंह की रात के समय हत्या कर दी गई थी।
डेयरी संचालक के बेटे ने पुलिस को दी थी सूचना
मृतक के बेटे मनीष ने पुलिस थाना तहसील कैंप में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उनके घर के पास ही उनकी गाय-भैंसों की डेयरी है, जहां उनके पिता रात को सोते थे। घटना वाली रात जल सिंह खाना खाकर डेयरी में सोने गए थे।
पत्नी ने पति को खून से लथपथ देखा
अगली सुबह 4 बजे जब उनकी पत्नी अतरकली भैंसों का दूध दोहने गईं, तो उन्होंने जल सिंह को खून से लथपथ चारपाई के नीचे पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत परिवार को सूचित किया। आस-पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि वारदात के समय आरोपी की पहचान नहीं हो पाई थी। सीआईए-1 की टीम ने मेहनत से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।











