Gurugram Sohna Amazon Vendor Attacked Employment Dispute | सोहना में अमेजन वेंडर की पिटाई: दूसरी कंपनी के वर्करों को नौकरी पर रखा, फील्ड अफसर समेत परिवार ने किया हमला – Sohna News

अस्पताल में घटना की जानकारी देते हुए अमेजन वेंडर जसवंत।

गुरुग्राम के सोहना में एक अमेजन वेंडर को दूसरी कंपनी के कर्मचारियों को नौकरी देना भारी पड़ गया। नीबोट के पास एक कंपनी के फील्ड अफसर दीपक और उसके परिजनों ने वेंडर जसवंत पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

दौलाह गांव के जसवंत ने बताया कि उन्होंने कुछ युवकों को अपनी कंपनी में नौकरी दी थी। इससे नाराज होकर फील्ड अफसर दीपक ने पहले फोन पर गालियां दी और जान से मारने की धमकी दी।

वेंडर को अधमरा करके हुए फरार

मोबाइल पर धमकी देने के बाद दीपक अपने पिता अतर सिंह, भाई सुनील, रिंकू, पदम और 3-4 अन्य युवकों के साथ लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचा। सभी ने मिलकर जसवंत की पिटाई कर दी और उसका हाथ तोड़ दिया। आरोपी जसवंत को अधमरा करके सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।

अस्पताल में अपनी हालत दिखाते हुए अमेजन वेंडर जसवंत।

अस्पताल में अपनी हालत दिखाते हुए अमेजन वेंडर जसवंत।

सोहना से किया गुरुग्राम रेफर

राहगीरों ने घायल जसवंत को सोहना के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गुरुग्राम रेफर कर दिया। थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।