लखनऊ, 24 जून 2026 Fact Recorder
National Desk: उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर प्रदान करते हुए कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के 3446 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा मंगलवार को चयन परिणाम घोषित किए गए, जिसके बाद सफल अभ्यर्थियों में खुशी की लहर है।
आयोग ने इन पदों के लिए 13 जुलाई 2025 को लिखित परीक्षा आयोजित की थी। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति कृषि विभाग द्वारा रिक्त पदों के अनुसार विभिन्न जनपदों में की जाएगी।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए बताया कि कुल 3446 चयनित उम्मीदवारों में 1813 सामान्य वर्ग, 629 अन्य पिछड़ा वर्ग, 509 अनुसूचित जाति, 151 अनुसूचित जनजाति तथा 344 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हैं। कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने भी सफल उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं।
कृषि सचिव इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि यह भर्ती लंबे समय से लंबित थी। चयनित प्राविधिक सहायकों की नियुक्ति से कृषि विभाग की फील्ड स्तर पर कार्यक्षमता बढ़ेगी और किसानों तक योजनाओं एवं तकनीकी सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि विभाग राज्य सरकार के एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। नई नियुक्तियों से कृषि क्षेत्र को और मजबूती मिलेगी तथा किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों को भी गति मिलेगी।
प्रमुख सचिव (कृषि) रविंद्र और कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी ने भी चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।













