30 अप्रैल 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk: हरियाणा में अंबाला एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रोहित गोदारा गैंग के दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। ये आरोपी चंडीगढ़ के एक इमिग्रेशन कारोबारी पर फायरिंग की साजिश रच रहे थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान भूपेंद्र सिंह उर्फ गुज्जर (आगरा) और नितिन उर्फ जट्टा (भरतपुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उन्हें सेक्टर-20 स्थित कारोबारी को निशाना बनाना था। इससे पहले गैंग ने खरड़ निवासी कारोबारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
सूत्रों के अनुसार, पीड़ित द्वारा कॉल न उठाने पर गैंग ने हमले की योजना बनाई और शूटरों को भेजा। हालांकि वारदात से पहले ही दोनों आरोपी अंबाला में एसटीएफ के हत्थे चढ़ गए। बाद में सेक्टर-39 थाना में इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की गई।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों को रोहित गोदारा समेत उसके सहयोगियों द्वारा हथियारों के साथ अंबाला भेजा गया था, जहां उन्हें आगे टारगेट की जानकारी दी जानी थी।
पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को बताया कि उसे लगातार कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए धमकियां मिल रही थीं। गैंग ने पहले एक करोड़ रुपये की मांग की थी, जिसे बाद में बढ़ाकर दो करोड़ कर दिया गया। साथ ही परिवार को नुकसान पहुंचाने और घर में घुसकर हमला करने की धमकी भी दी गई थी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और वॉयस रिकॉर्डिंग के जरिए अन्य आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।













