Home Gallery हिमाचल प्रदेश डाक परिमंडल में विश्व डाक दिवस एवं राष्ट्रीय डाक सप्ताह...

हिमाचल प्रदेश डाक परिमंडल में विश्व डाक दिवस एवं राष्ट्रीय डाक सप्ताह 2026

शिमला 09 Oct 2026 Fact Recorder
National Desk :     पगडंडी से आसमान तक की नीति के अनुरूप हिमाचल प्रदेश में जल्दी ही 110 मार्गों पर ड्रोन के जरिए डाक और पार्सल की डिलीवरी शुरू की जाएगी। फिलहाल 36 मार्गों पर यह सेवा शुरू हो गई है एवं इसके सकारात्मक नतीजे मिले हैं। यह जानकारी आज विश्व डाक दिवस के अवसर पर मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल श्री संजय सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि पहाड़ी और दुर्गम गाँवों तक डाक व पार्सल पहुँचाने के लिए “ड्रोन डिलीवरी” शुरू की गई है, जिससे समय की बचत हुई है और सेवा की विश्वसनीयता बढ़ी है। डाक विभाग, हिमाचल प्रदेश परिमंडल में आज से राष्ट्रीय डाक सप्ताह का शुभारंभ भी हुआ। यह सप्ताह आज 9 से 15 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। विश्व डाक दिवस 1874 में यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन (UPU) की स्थापना की ऐतिहासिक वर्षगाँठ पर मनाया जाता है। इसका उद्देश्य आम लोगों और व्यवसायों के दैनिक जीवन में डाक विभाग की अहम भूमिका तथा उसके सामाजिक व आर्थिक योगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्री संजय सिंह ने बताया गया कि इस वर्ष का सप्ताह डाक संचालन में प्रौद्योगिकी और नवाचार के बढ़ते उपयोग पर केंद्रित है, ताकि डाक सेवाएँ हर नागरिक के लिए और अधिक सुलभ, सरल व सुविधाजनक बन सकें। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 13 अगस्त को मंडी प्रधान डाकघर से रेहरधार शाखा डाकघर तक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा की ड्रोन से डिलीवरी कर इस सेवा का शुभारंभ किया गया था। हिमाचल जैसे पर्वतीय प्रदेश में यह ऐतिहासिक पहल दुर्गम गाँवों तक डाक व पार्सल पहुँचाने में लगने वाला समय घटाती है और सेवा को अधिक भरोसेमंद बनाती है।

राष्ट्रीय डाक सप्ताह के दौरान प्रतिदिन विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कुछ प्रमुख गतिविधियाँ इस प्रकार है:

 9 अक्टूबर विश्व डाक दिवस सभी डाकघरों में बैनर और डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से विश्व डाक दिवस व डाक सप्ताह का व्यापक प्रचार तथा “एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएँ” वीडियो का प्रसारण किया गया। 12 अक्टूबर फन विद फिलैटली दिवस नन्हे विद्यार्थियों को डाक टिकटों की रंगीन दुनिया से जोड़ने के लिए संग्रहालय भ्रमण, डाक टिकट प्रश्नोत्तरी और दीन दयाल स्पर्श योजना पर जागरूकता सत्र। “ढाई आखर” पत्र लेखन प्रतियोगिता, फिलैटेलिस्टों के साथ कार्यशाला व चर्चा, डाक टिकट प्रदर्शनी, डिजिटल डिटॉक्स गतिविधियाँ (पत्र लेखन, पोस्टकार्ड चित्रांकन), माईस्टैम्प काउंटर और डाक टिकट बिक्री काउंटर।

13 अक्टूबर वित्तीय समावेशन एवं CCS दिवस सभी प्रधान डाकघरों और उप-मंडलों में डाक चौपाल शिविर, जहाँ POSB, PLI/RPLI और आधार सेवाएँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। वित्तीय समावेशन और नागरिक-केंद्रित सेवाओं पर नुक्कड़ नाटक तथा POSB ग्राहकों के अनुभव व प्रशंसापत्रों का प्रसार।

14 अक्टूबर डाक एवं पार्सल दिवस परिमंडल के प्रमुख केंद्रों पर बड़े ग्राहकों के साथ बिजनेस मीट। डाक सेवा से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े बड़े ग्राहकों और छोटे व्यवसायियों की सफलता की कहानियाँ। RMS कार्यालयों में कर्मचारियों के लिए छँटाई प्रतियोगिता।

15 अक्टूबर प्रौद्योगिकी एवं नवाचार दिवस कर्मचारियों और ग्राहकों के लिए टेक्नोलॉजी क्विज़। परिमंडल की ड्रोन डिलीवरी पहल पर विशेष चर्चा तथा पोस्टाथॉन वॉक/रन, जिसके माध्यम से डाकघरों की विविध सेवाओं का प्रचार होगा।

परिमंडल एक नज़र में (30.09.2026 तक) हिमाचल परिमंडल में 18 प्रधान डाकघर, 452 उप डाकघर और 2,327 शाखा डाकघर हैं, यानी कुल 2,797 डाकघर, जिनमें 2,684 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। औसतन प्रति डाकघर 2,454 की आबादी और 19.90 वर्ग किमी क्षेत्र की सेवा होती है। इस नेटवर्क को 2,485 विभागीय कर्मचारी और 6,473 ग्रामीण डाक सेवक, यानी कुल 8,958 समर्पित कर्मियों की टीम संचालित करती है ।  वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रमुख उपलब्धियाँ (01.04.2026 से 30.09.2026) डाकघर बचत बैंक, बचत का भरोसेमंद साथी:  कुल सक्रिय बचत बैंक खाते 7087142 । जिसमे से    794403 खाते  दिनांक 01.04.206 से 30.09.2026 तक खोले गये ।  डाक जीवन बीमा, सुरक्षा का अटूट कवच: 41,943 नई पॉलिसियाँ जारी की गईं, जिनकी कुल बीमा राशि ₹1,730.65 करोड़ है । वर्तमान में 3.56 लाख पॉलिसियाँ सक्रिय हैं | कुल 20.69 लाख डाक वस्तुओं से ₹12.18 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ जोकि पिछ्ले साल की तुलना मे 50% अधिक है । आधार एवं पासपोर्ट सेवाएँ, डाक चौपाल : 2,00,197 आधार नामांकन/अद्यतन किए गए। डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों (POPSK) द्वारा 25,632 पासपोर्ट आवेदनों का प्रसंस्करण हुआ। चालू वित्त वर्ष में 177 डाक चौपाल शिविर आयोजित किए गए । इनसे नागरिकों को घर के पास एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएँ मिलीं। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB): प्रदेश में 8.80 लाख IPPB खाते हैं।

नई पहलें
डिजिटलीकरण अभियान, गाँव की हथेली पर बैंकिंग: परिमंडल में डिजिटलीकरण अभियान प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत ग्राहकों को मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग से जोड़ा जा रहा है। 30.09.2026 तक 35,743 मोबाइल बैंकिंग और 45,817 इंटरनेट बैंकिंग उपयोगकर्ता जुड़ चुके हैं। नई योजनाओं का ऑनबोर्डिंग, राज्य सरकार के साथ सशक्त साझेदारी: चालू वित्त वर्ष में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की 5 सेवाओं को डाक विभाग के साथ ऑनबोर्ड किया गया है: कृषि विभाग: संवेदनशील कृषि नमूनों का सुरक्षित परिवहन। HPSLRM: स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बीसी सखी के रूप में सशक्त बनाना। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन: मीडिया पोस्ट के माध्यम से जन स्वास्थ्य जागरूकता अभियान। कोषागार विभाग: डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सेवा।

शिक्षा विभाग: परीक्षा सामग्री, अध्ययन सामग्री एवं अन्य पत्राचार के परिवहन हेतु लॉजिस्टिक सहयोग। स्पीड, सेफ्टी और स्माइल, तेज़, सुरक्षित और मुस्कान के साथ सेवा: परिमंडल ने “स्पीड, सेफ्टी और स्माइल” पहल के अंतर्गत डाक सेवाओं को तेज़, सुरक्षित और ग्राहक-अनुकूल बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं: ई-कॉमर्स: ई-कॉमर्स कंपनियों और ऑनलाइन विक्रेताओं की पार्सल ज़रूरतों को पूरा करने के लिए डाक नेटवर्क का उपयोग बढ़ाया जा रहा है, ताकि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक भी ऑनलाइन खरीदारी की वस्तुएँ समय पर पहुँचें।
नेक्स्ट-जेन(N-Gen) डाकघर: डाकघरों को आधुनिक सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं और बेहतर ग्राहक अनुभव के साथ नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। राज्य सरकार के साथ सहयोग: राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ साझेदारी से नागरिकों को बेहतर सेवाएँ एक ही नेटवर्क के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रशिक्षित और संवेदनशील कर्मी: कर्मचारियों को सॉफ्ट स्किल्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि ग्राहकों से विनम्र व्यवहार हो और शिकायतों का समयबद्ध निवारण सुनिश्चित हो सके। उसी दिन वितरण: डाक वस्तु प्राप्त होने के उसी दिन उसका वितरण करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि ग्राहकों को तेज़ और भरोसेमंद सेवा मिले।

परिमंडल की प्रतिबद्धता हिमाचल प्रदेश डाक परिमंडल प्रदेश के हर गाँव और हर परिवार तक विश्वसनीय, किफायती और सुविधाजनक डाक, वित्तीय एवं नागरिक सेवाएँ पहुँचाने के लिए संकल्पबद्ध है। प्रदेश के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में फैला हमारा विशाल ग्रामीण डाक नेटवर्क जनसेवा का सबसे सशक्त माध्यम है। ड्रोन डिलीवरी जैसी नवीन पहलों, डिजिटल सेवाओं और डाक चौपाल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से परिमंडल इस नेटवर्क को निरंतर सुदृढ़ करते हुए प्रत्येक नागरिक को उसके द्वार पर बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रहेगा। परिमंडल सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, ग्राहकों और मीडिया बंधुओं से इन कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेने और डाक सेवाओं का लाभ उठाने की अपील करता है।