30 अप्रैल 2026 Fact Recorder
Health Desk: गर्मी का मौसम सिर्फ स्किन और बालों के लिए ही नहीं, बल्कि पाचन तंत्र के लिए भी चुनौती लेकर आता है। इस दौरान पेट से जुड़ी समस्याएं, खासकर कब्ज, तेजी से बढ़ती हैं। आमतौर पर लोग मानते हैं कि गर्मियों में सिर्फ उल्टी या दस्त की समस्या होती है, लेकिन गलत खानपान और पानी की कमी के कारण कब्ज भी आम हो जाती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी में शरीर जल्दी डिहाइड्रेट हो जाता है, जिससे पाचन प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है। इसके अलावा कम फाइबर वाला खाना, जंक फूड, कम पानी पीना, लंबे समय तक बैठना और नींद की कमी भी कब्ज को बढ़ावा देते हैं। इसके लक्षणों में पेट साफ न होना, गैस, ब्लोटिंग, भारीपन, भूख कम लगना और सुस्ती शामिल हैं।
इन चीजों से मिलेगा फायदा:
- तरबूज और खीरा: ये दोनों पानी से भरपूर होते हैं और शरीर को हाइड्रेट रखते हैं। साथ ही इनमें मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाता है और पेट साफ करने में मदद करता है।
- पपीता: इसे पाचन के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। यह नेचुरल लैक्सेटिव की तरह काम करता है और कब्ज से राहत दिलाता है।
- इसबगोल: फाइबर से भरपूर यह देसी उपाय आंतों की सफाई में कारगर है और नियमित मल त्याग में मदद करता है।
- दही: यह एक प्रोबायोटिक फूड है, जो आंतों में अच्छे बैक्टीरिया बढ़ाता है और पाचन को दुरुस्त करता है।
क्या रखें ध्यान में?
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि दिनभर पर्याप्त पानी पिएं, ताजे फल-सब्जियां खाएं और ज्यादा तला-भुना या प्रोसेस्ड फूड से दूरी बनाएं। सही डाइट और लाइफस्टाइल अपनाकर आप गर्मियों में भी कब्ज से बच सकते हैं और पाचन तंत्र को स्वस्थ रख सकते हैं।













