14 जुलाई 2026 Fact Recorder
Health Desk: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक युवती ने गलती से पानी समझकर एसिड पी लिया। घटना के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि यदि कोई व्यक्ति गलती से एसिड या टॉयलेट क्लीनर पी ले, तो उसे तुरंत क्या करना चाहिए।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना हापुड़ के शाम नगर कोतवाली क्षेत्र के अर्जुन नगर स्थित एक ज्वैलरी दुकान की है। युवती अपनी मां के साथ खरीदारी करने पहुंची थी। प्यास लगने पर उसने दुकानदार से पानी मांगा। आरोप है कि उसे गलती से ऐसी बोतल दे दी गई, जिसमें पहले से एसिड भरा हुआ था। जैसे ही युवती ने एक घूंट लिया, उसके मुंह और गले में तेज जलन शुरू हो गई और वह दर्द से चीख उठी। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
कैलाश हॉस्पिटल, नोएडा की कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. नूपुर जैन के अनुसार, एसिड पीने से मुंह, गला, भोजन नली (फूड पाइप) और पेट के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर जलन और घाव हो सकते हैं। ऐसे मामलों में मरीज को मुंह और गले में तेज जलन, निगलने में परेशानी, अत्यधिक लार आना, उल्टी, खून की उल्टी, पेट दर्द और गंभीर स्थिति में सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
गलती से एसिड पी लेने पर तुरंत क्या करें?
- मरीज को घबराने न दें और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाएं।
- यदि मरीज निगल पा रहा है, तो उसे थोड़ी-थोड़ी मात्रा में सादा पानी पिलाया जा सकता है।
- मरीज को जबरन उल्टी कराने की कोशिश बिल्कुल न करें। इससे एसिड दोबारा भोजन नली से गुजरकर और अधिक नुकसान पहुंचा सकता है।
- एसिड का असर कम करने के लिए बेकिंग सोडा, नींबू या कोई अन्य घरेलू उपाय न अपनाएं। इससे रासायनिक प्रतिक्रिया होकर स्थिति और गंभीर हो सकती है।
- यदि मरीज बेहोश हो, सांस लेने में परेशानी हो रही हो या वह कुछ भी निगल नहीं पा रहा हो, तो बिना देरी किए आपातकालीन चिकित्सा सहायता लें।
डॉक्टरों का कहना है कि एसिड पीना एक मेडिकल इमरजेंसी है। ऐसे मामलों में समय पर सही प्राथमिक उपचार और तत्काल अस्पताल पहुंचना मरीज की जान बचाने में बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इसलिए घरों और दुकानों में एसिड या अन्य खतरनाक रसायनों को हमेशा स्पष्ट लेबल वाली बोतलों में रखें और उन्हें कभी भी पीने के पानी की बोतलों में न भरें।













