UP: गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों की आ/त्महत्या, आठ पन्नों का सु/साइड नोट मिला; ऑनलाइन गेमिंग और कोरियन संस्कृति से जुड़ा मामला

05 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  गाजियाबाद के साहिबाबाद इलाके में रहने वाली तीन नाबालिग बहनों की सामूहिक आ/त्महत्या के मामले में पुलिस को एक पॉकेट डायरी मिली है, जिसमें आठ पन्नों का सु/साइड नोट लिखा हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें ऑनलाइन गेमिंग और कोरियन संस्कृति से गहरे लगाव के चलते पारिवारिक तनाव में थीं।

पुलिस के अनुसार, किशोरियों के कमरे से बरामद डायरी में उन्होंने अपने भावनात्मक संघर्ष और पारिवारिक असहमति का जिक्र किया है। नोट में खुद को कोरियन संस्कृति से जुड़ा बताते हुए लिखा गया है कि उनसे उनकी पसंद छीनी जा रही थी, जिससे वे बेहद आहत थीं। डायरी में माता-पिता से माफी भी मांगी गई है।

परिवार के बयान के मुताबिक, तीनों बहनें लंबे समय से मोबाइल फोन और ऑनलाइन गेम्स की लत में थीं। कुछ दिन पहले उनके फोन ले लिए गए थे, जिससे वे और ज्यादा तनाव में आ गईं। पुलिस का कहना है कि मामला केवल सांस्कृतिक लगाव तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल लत और पारिवारिक संवाद की कमी भी एक अहम पहलू हो सकता है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सुसाइड नोट, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सबूत जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि इस दुखद घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

यदि आप या आपके आसपास कोई मानसिक तनाव में है, तो मदद लेना बेहद जरूरी है। भारत में आत्महत्या रोकथाम हेल्पलाइन 9152987821 सहित स्थानीय काउंसलिंग सेवाएं उपलब्ध हैं। मदद मांगना कमजोरी नहीं है।