12 June 2026 Fact Recorder
Education Desk: उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। बेसिक शिक्षा विभाग करीब 60 हजार शिक्षक पदों पर भर्ती की तैयारी कर रहा है। इस भर्ती प्रक्रिया को पहली बार Uttar Pradesh Education Service Selection Commission (UPESSC) के माध्यम से आयोजित किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, भर्ती शहरी और ग्रामीण दोनों कैडरों के लिए होगी। इनमें सबसे अधिक पद ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में भरे जाएंगे। प्रस्तावित योजना के तहत ग्रामीण स्कूलों में 48 हजार से अधिक और शहरी स्कूलों में लगभग 11,500 शिक्षक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ई-अधियाचन पोर्टल को सक्रिय कर दिया गया है और विभिन्न जिलों से रिक्त पदों का विवरण जुटाया जा रहा है। शहरी क्षेत्रों के खाली पदों की जानकारी आयोग को मिल चुकी है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के रिक्त पदों का डेटा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भेजने की प्रक्रिया जारी है।
विभाग भर्ती नियमावली को भी अपडेट कर रहा है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद प्रस्ताव शासन को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है।
गौरतलब है कि ग्रामीण कैडर में अंतिम बड़ी शिक्षक भर्ती वर्ष 2018 में हुई थी, जबकि शहरी कैडर में लंबे समय से भर्ती नहीं निकली है। ऐसे में इस भर्ती के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के आवेदन करने की उम्मीद जताई जा रही है।













