Home Haryana मोरनी-पंचकूला मार्ग पर दो कारों की जोरदार टक्कर, 8 साल की बच्ची...

मोरनी-पंचकूला मार्ग पर दो कारों की जोरदार टक्कर, 8 साल की बच्ची समेत पिता घायल

August 29,2026 Fact Recorder

Haryana Desk: मोरनी-पंचकूला मार्ग पर खेड़ा बागड़ा गांव के पास शुक्रवार को दो कारों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक कार में सवार 8 वर्षीय बच्ची जीवा और उसके पिता नरेंद्र कुमार घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा।

मोरनी से लौट रही स्कोडा कार ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार नरेंद्र कुमार अपनी 8 वर्षीय बेटी जीवा के साथ पंचकूला से टिक्कर ताल की ओर जा रहे थे। खेड़ा बागड़ा गांव के पास पहुंचने पर सामने से मोरनी की ओर से आ रही एक स्कोडा कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

बताया जा रहा है कि स्कोडा कार में पीरमुच्छला, जीरकपुर निवासी पांच युवक सवार थे। ये युवक मोरनी घूमने के बाद वापस जीरकपुर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

डायल-112 टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम में धर्मवीर, संजय और अजित शामिल थे। पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालते हुए घायलों को एंबुलेंस की मदद से सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में नरेंद्र कुमार और उनकी बेटी जीवा का उपचार कराया गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। दुर्घटना के कारणों को लेकर पुलिस की ओर से जानकारी जुटाई जा रही है।