ऋषिकेश से इंदौर जा रही स्लीपर बस हादसे का शिकार, कई यात्री आग में झुलसे; बस में सिगरेट के पैकेट होने के दावे की जांच जारी
01 जुलाई 2026 Fact Recorder
National Desk: राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ जीरो पॉइंट के पास ऋषिकेश से इंदौर जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद बस और ट्रक दोनों में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हुए हैं।
दौसा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पीयूष दीक्षित के अनुसार, हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ। बस में कुल 37 यात्री सवार थे। मृतकों में छह लोगों की मौ*त आग में झुलसने से हुई, जबकि दो यात्रियों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। सभी घायलों का इलाज दौसा जिला अस्पताल में चल रहा है।
आग ने बढ़ाई मुश्किलें
हादसे के बाद बस में आग तेजी से फैल गई, जिससे कई यात्री अंदर ही फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस करीब एक घंटे तक धधकती रही। स्थानीय लोगों ने पुलिस और राहत टीमों के साथ मिलकर आग और धुएं के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे में कई बच्चे भी घायल हुए हैं। अस्पताल में घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सिगरेट के पैकेट होने के दावे की जांच
स्थानीय लोगों का दावा है कि बस के स्टोरेज बॉक्स में बड़ी मात्रा में सिगरेट के पैकेट रखे हुए थे, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों और आग फैलने की वजह की जांच की जा रही है।
घायलों की पहचान जारी
एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि अब तक केवल नौ घायलों की पहचान हो सकी है। अन्य यात्रियों की पहचान करने और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संदेश में दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस भीषण सड़क दुर्घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक से टक्कर के बाद आग लगने की बात सामने आई है, जबकि अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।













