Home Himachal एचआरटीसी में चालकों की ओवरड्यूटी से बढ़ा हादसे का खतरा

एचआरटीसी में चालकों की ओवरड्यूटी से बढ़ा हादसे का खतरा

14 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

 Himachal Desk: चंबा: एचआरटीसी में चालकों की भारी कमी, ओवरड्यूटी से बढ़ रहा हादसों का खतरा   चंबा में एचआरटीसी डिपो में चालकों की कमी के कारण लंबे रूट से लौटे चालकों को बिना उचित आराम दिए सीधे लोकल रूटों पर ड्यूटी देने का सिलसिला जारी है। इससे चालकों की शारीरिक और मानसिक थकावट बढ़ रही है, जिससे सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

चालकों का कहना है कि उन्हें 200 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी तय करनी पड़ती है, लेकिन वापसी पर छह घंटे के बजाय नौ घंटे तक लोकल रूटों पर बसें चलानी पड़ती हैं। थकान के कारण कई बार वे लोकल रूट पर ड्यूटी से मना करते हैं, लेकिन इसके बाद उन्हें अगली ड्यूटी से हटाने या उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करने की कार्रवाई की जाती है। लंबे समय तक ड्राइविंग के बाद बिना आराम के लोकल रूट पर भेजे जाने से चालक पूरी तरह थक जाते हैं और नींद पूरी न होने के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

इस मुद्दे को लेकर प्रांतीय उपप्रधान ओमशंकर, चालक यूनियन के प्रधान हेम राज, विनय कुमार और रवि कुमार ने प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने मांग की है कि लंबे रूट से लौटने वाले चालकों को कम से कम 10 घंटे का आराम अनिवार्य दिया जाए, जिससे वे सुरक्षित और तरोताजा होकर अगली ड्यूटी कर सकें।

एचआरटीसी के डीडीएम शूगल सिंह ने बताया कि चालकों की कमी के कारण ड्यूटी शेड्यूल प्रभावित हो रहा है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक नए चालकों की भर्ती नहीं होती, तब तक ओवरटाइम ड्यूटी देना अनिवार्य होगा। उम्मीद है कि जल्द ही नई भर्ती प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।