पेट्रोल-डीजल 25-28 रुपये महंगे होने की खबरें फर्जी, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने किया साफ इनकार

23 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: भारत में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में 25 से 28 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की चर्चाओं के बीच पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बड़ा बयान जारी कर इन खबरों को पूरी तरह भ्रामक बताया है।

हाल के दिनों में यह दावा किया जा रहा था कि चुनाव के बाद सरकार पेट्रोल-डीजल के दामों में भारी इजाफा करने की तैयारी में है। लेकिन मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि ऐसा कोई प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन नहीं है।

मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि इस तरह की खबरें नागरिकों के बीच डर और घबराहट फैलाने के उद्देश्य से फैलाई जा रही हैं और इनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।

साथ ही यह भी बताया गया कि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा क्षेत्र में अस्थिरता के बावजूद भारत उन देशों में शामिल है, जहां आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने से बचने के प्रयास किए गए हैं। मंत्रालय के अनुसार, पिछले चार वर्षों में देश में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की गई है।

सरकार और सार्वजनिक तेल कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमतों के असर को कम करने के लिए लगातार कदम उठाए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिलती रहे।

गौरतलब है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच ऊर्जा कीमतों को लेकर अफवाहें तेजी से फैल रही थीं, जिसके बाद मंत्रालय को स्थिति स्पष्ट करने के लिए यह बयान जारी करना पड़ा।