Sep.14,2026 Fact Recorder
Business Desk: गणेश चतुर्थी के अवसर पर आज, 14 सितंबर 2026 को भारतीय शेयर बाजार में कारोबार नहीं होगा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के प्रमुख सेगमेंट पूरे दिन बंद रहेंगे। ऐसे में निवेशक आज शेयरों की खरीद-बिक्री नहीं कर सकेंगे।
शाम 5 बजे से कमोडिटी मार्केट में कारोबार
शेयर बाजार भले ही पूरे दिन बंद रहेगा, लेकिन कमोडिटी मार्केट में शाम के सत्र में ट्रेडिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स (EGR) सेगमेंट में सुबह का कारोबार बंद रहेगा, जबकि शाम 5 बजे से ट्रेडिंग शुरू होगी।
शाम का सत्र रात 11:30 बजे या 11:55 बजे तक चल सकता है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी गणेश चतुर्थी के चलते सुबह का सत्र बंद रहेगा और शाम 5 बजे से कारोबार शुरू होगा।
शनिवार-रविवार के अलावा इन दिनों भी बंद रहता है बाजार
भारतीय शेयर बाजार सामान्य तौर पर शनिवार और रविवार को बंद रहता है। इसके अलावा एक्सचेंज की छुट्टियों की सूची के मुताबिक राष्ट्रीय और प्रमुख धार्मिक त्योहारों पर भी कारोबारी अवकाश रहता है। गणेश चतुर्थी के बाद इस साल बाजार में कई और छुट्टियां निर्धारित हैं।
2026 में आगे कब-कब बंद रहेगा शेयर बाजार?
गणेश चतुर्थी के बाद शेयर बाजार की प्रमुख छुट्टियां इस प्रकार हैं:
- 2 अक्टूबर: महात्मा गांधी जयंती
- 20 अक्टूबर: दशहरा
- 10 नवंबर: दिवाली बलिप्रतिपदा
- 24 नवंबर: श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व
- 25 दिसंबर: क्रिसमस
इन तारीखों पर इक्विटी मार्केट में नियमित कारोबार नहीं होगा।
दिवाली पर होगी मुहूर्त ट्रेडिंग
दिवाली के मौके पर भारतीय शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग की परंपरा है। इस साल 8 नवंबर 2026 को दिवाली और लक्ष्मी पूजन है। यह दिन रविवार होने के बावजूद एक्सचेंज मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए विशेष कारोबारी सत्र आयोजित करेगा। हालांकि, इसके समय की आधिकारिक घोषणा बाद में की जाएगी।
छुट्टी से पहले कैसा रहा बाजार?
गणेश चतुर्थी की छुट्टी से पहले शुक्रवार, 11 सितंबर को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 120.83 अंक गिरकर 74,781.76 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 79.70 अंक टूटकर 23,398.10 के स्तर पर पहुंच गया।
दिन के दौरान सेंसेक्स एक समय 742 अंक से ज्यादा गिरकर 74,160.16 के निचले स्तर तक पहुंच गया था। निफ्टी भी कारोबार के दौरान 23,231.40 के स्तर तक फिसला। हालांकि, बाद में बाजार में कुछ रिकवरी देखने को मिली।
मार्केट एक्सपर्ट्स की नजर अब अगले कारोबारी सत्र में निफ्टी के प्रदर्शन पर रहेगी। उनका मानना है कि यदि निफ्टी 23,000 के स्तर से नीचे जाता है, तो बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है।













