October 13,2026 Fact Recorder
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश के डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर में रैगिंग की शिकायत सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन में हलचल मच गई है। प्रथम वर्ष के एक प्रशिक्षु डॉक्टर ने प्रिंसिपल को ई-मेल भेजकर बार-बार नाम और पता पूछकर परेशान किए जाने की शिकायत की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने जांच एंटी रैगिंग कमेटी को सौंप दी है।
प्रिंसिपल को ई-मेल भेजकर की शिकायत
जानकारी के अनुसार, प्रथम वर्ष के एक प्रशिक्षु चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. रमेश भारती को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सीनियर प्रशिक्षु चिकित्सक बार-बार नाम और पता पूछकर उसे परेशान कर रहे थे।
हालांकि, शिकायतकर्ता ने अपनी ई-मेल में किसी भी प्रशिक्षु चिकित्सक का नाम नहीं बताया। इसके बाद प्रिंसिपल ने मामले की जांच के लिए एंटी रैगिंग कमेटी को आवश्यक निर्देश दिए।
10 प्रशिक्षु डॉक्टरों से हुई पूछताछ
सोमवार को एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच के तहत 10 प्रशिक्षु चिकित्सकों से पूछताछ की। इनमें से नौ प्रशिक्षु चिकित्सकों ने रैगिंग किए जाने के आरोपों से इनकार किया। वहीं, एक प्रशिक्षु चिकित्सक ने बताया कि उसने केवल नाम और पता पूछा था।
कमेटी ने शिकायतकर्ता प्रशिक्षु चिकित्सक का भी पता लगाकर उसे जांच के लिए बुलाया है, ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों को समझा जा सके और शिकायत की सत्यता स्पष्ट हो सके।
जांच के बाद कॉलेज प्रशासन को सौंपी जाएगी रिपोर्ट
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, फिलहाल मामला एंटी रैगिंग कमेटी के पास है और जांच जारी है। कमेटी अपनी रिपोर्ट कॉलेज प्रशासन को सौंपेगी। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और क्या वास्तव में रैगिंग की घटना हुई थी।
कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. रमेश भारती ने बताया कि ई-मेल भेजने वाले शिकायतकर्ता प्रशिक्षु चिकित्सक को ट्रेस कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और अंतिम निष्कर्ष रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।
फिलहाल, कॉलेज प्रशासन की जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं।











