Home Entertainment सत्य निकेतन हादसे के बाद सोनू सूद की सरकार से अपील, बोले-...

सत्य निकेतन हादसे के बाद सोनू सूद की सरकार से अपील, बोले- 7 लाख छात्रों के लिए सिर्फ 30 हजार हॉस्टल सीटें काफी नहीं

September 09,2026 Fact Recorder

National Desk:  दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने की दर्दनाक घटना के बाद बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने छात्रों की सुरक्षा और किफायती आवास का मुद्दा उठाया है। उन्होंने सरकार से शहरों में छात्रों के लिए सुरक्षित और सस्ते हॉस्टल उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाने की अपील की है।

सोनू सूद ने मंगलवार, 8 सितंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि हर साल लाखों छात्र अपने सपनों को पूरा करने के लिए घर से दूर दूसरे शहरों का रुख करते हैं। ऐसे में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि उन्हें रहने के लिए सुरक्षित जगह मिले।

7 लाख छात्रों के लिए सिर्फ 30 हजार हॉस्टल सीटें

सोनू सूद ने अपने पोस्ट में दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़े छात्रों के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि दिल्ली में करीब 7 लाख छात्र पढ़ते हैं, जबकि हॉस्टल की क्षमता लगभग 30 हजार सीटों तक ही सीमित है। यानी बड़ी संख्या में छात्रों को निजी और किराये के आवास पर निर्भर रहना पड़ता है।

उन्होंने सुझाव दिया कि विश्वविद्यालयों के आसपास उपलब्ध सरकारी जमीन की पहचान कर वहां सुरक्षित और किफायती छात्रावास बनाए जाने चाहिए। साथ ही विश्वविद्यालयों को कैंपस के भीतर अतिरिक्त हॉस्टल या आवासीय सुविधाएं विकसित करने के लिए जरूरी निर्माण अनुमति देने की भी बात कही।

‘सुरक्षित आवास से बच सकती हैं जानें’

सोनू सूद का कहना है कि छात्रों के लिए सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने से न केवल उन्हें सुरक्षा मिलेगी, बल्कि उनके माता-पिता को भी राहत मिलेगी। उन्होंने इस दिशा में नीतिगत बदलाव की जरूरत बताते हुए कहा कि कभी-कभी नीति में छोटा बदलाव भी किसी व्यक्ति के बड़े सपने और उसकी जिंदगी को बचा सकता है।

सत्य निकेतन हादसे में 7 लोगों की मौ*त

बता दें कि 6 सितंबर को दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत गिरने से बड़ा हादसा हुआ था। हादसे में सात लोगों की मौत हुई, जबकि 12 लोगों को बचाया गया। घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया और इमारतों के निर्माण तथा सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठे।

मामले में पुलिस ने महेश गुप्ता को गिरफ्तार किया है। उन्हें पटियाला हाउस के ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया। उनके माता-पिता हरिराम गुप्ता और उर्मिला गुप्ता को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।