October 23,2026 Fact Recorder
Business Desk: मुकेश अंबानी की जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO ने भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त हलचल मचा दी है। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से 4.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बोलियां मिलीं। सफल कैपिटल के आंकड़ों के मुताबिक, 30,213 करोड़ रुपये के इस इश्यू ने आवेदन और निवेश की मांग के मामले में कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, आईपीओ में 1.25 करोड़ से अधिक आवेदन आए, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
Jio IPO ने बनाए 12 बड़े रिकॉर्ड
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ ने संस्थागत निवेशकों से लेकर रिटेल निवेशकों तक का ध्यान खींचा। इसकी जबरदस्त मांग ने भारतीय प्राइमरी मार्केट में नया इतिहास रच दिया।
1. एक करोड़ से ज्यादा आवेदन: आईपीओ को 1.25 करोड़ से अधिक आवेदन मिले, जिसने पिछले 97.33 लाख आवेदनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
2. 4.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बोलियां: निवेशकों की कुल बोलियों का मूल्य 4.5 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया।
3. संस्थागत निवेशकों की रिकॉर्ड मांग: क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) ने करीब 3.87 लाख करोड़ रुपये की बोलियां लगाईं।
4. 20 गुना से अधिक सब्सक्रिप्शन: 21 अक्टूबर को खुला और 23 अक्टूबर को बंद हुआ यह आईपीओ अंतिम दिन 20 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ।
5. भारत का सबसे बड़ा आईपीओ: 30,213 करोड़ रुपये के इश्यू आकार के साथ जियो का आईपीओ भारतीय बाजार के सबसे बड़े आईपीओ के रूप में सामने आया।
6. गैर-संस्थागत निवेशकों की भारी भागीदारी: इस श्रेणी में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की मांग दर्ज की गई।
7. शेयरधारकों की श्रेणी में रिकॉर्ड बोलियां: रिलायंस इंडस्ट्रीज के पात्र शेयरधारकों के लिए आरक्षित श्रेणी में 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की बोलियां मिलीं।
8. पहले दिन ही जबरदस्त प्रतिक्रिया: आईपीओ खुलने के पहले दिन 67,117 करोड़ रुपये की बोलियां प्राप्त हुईं और इश्यू तीन गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ।
9. एंकर निवेशकों का भरोसा: आईपीओ खुलने से पहले 212 निवेशक खातों और योजनाओं को 8,110 करोड़ रुपये का एंकर आवंटन दिया गया।
10. रिटेल निवेशकों की रिकॉर्ड भागीदारी: खुदरा निवेशकों की ओर से एक करोड़ से अधिक आवेदन आने की जानकारी दी गई।
11. रिलायंस के शेयरधारकों का उत्साह: कंपनी के मौजूदा शेयरधारकों की तरफ से 21 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।
12. HNI निवेशकों की मजबूत मांग: छोटे हाई-नेट-वर्थ निवेशकों की श्रेणी में 5.75 लाख से अधिक और बड़े HNI निवेशकों की श्रेणी में 3.5 लाख से अधिक आवेदन आए। कर्मचारियों की श्रेणी में भी दो लाख से अधिक आवेदन दर्ज होने की जानकारी दी गई।
कब होगा शेयरों का अलॉटमेंट और लिस्टिंग?
रिपोर्ट के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ के शेयरों का अलॉटमेंट 26 अक्टूबर 2026 को होने की उम्मीद है। वहीं, कंपनी के शेयर 28 अक्टूबर को BSE और NSE पर सूचीबद्ध होने निर्धारित हैं।
निवेशकों की नजर लिस्टिंग पर
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया से भारतीय शेयर बाजार में निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी का पता चलता है। हालांकि, आईपीओ में भारी सब्सक्रिप्शन का मतलब यह नहीं है कि लिस्टिंग के दिन शेयर की कीमत जरूर बढ़ेगी। निवेशकों को लिस्टिंग से पहले कंपनी के मूल्यांकन, वित्तीय प्रदर्शन और बाजार की परिस्थितियों पर भी ध्यान देना चाहिए।













