30 July 2026 Fact Recorder
National Desk: 26 दिनों तक भूख हड़ताल पर रहे मशहूर एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने भारतीय रेलवे और केंद्र सरकार के कुछ कदमों की सराहना की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए वीडियो में वांगचुक ने दिल्ली-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन से अपनी यात्रा का अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें भारतीय रेलवे पर गर्व है और वे चाहते हैं कि सरकार अपने किए गए वादों पर भी पूरी तरह कायम रहे।
वांगचुक ने कहा कि दिल्ली से श्रीनगर तक वंदे भारत ट्रेन में यह उनकी पहली यात्रा थी। इस दौरान उन्होंने चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल को भी देखा, जिसे उन्होंने बेहद शानदार अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे की यह उपलब्धि गर्व करने योग्य है और देश के बुनियादी ढांचे में हुए विकास का प्रतीक है।
अपने वीडियो में सोनम वांगचुक ने संसद में पेश किए गए और लोकसभा से पारित हो चुके एंटी पेपर लीक बिल का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए यह एक सकारात्मक कदम है। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि सुधार केवल परीक्षाओं तक सीमित न रहें, बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में भी लगातार प्रयास किए जाएं।
वांगचुक ने सरकार से एक महत्वपूर्ण अपील भी की। उन्होंने कहा कि उनके और बाद में प्रदर्शनकारी संगठन के साथ हुए लिखित समझौते के अनुसार आंदोलन में शामिल छात्रों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की जानी थी। इसलिए सरकार को अपने वादे पर कायम रहते हुए छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश के युवाओं में भरोसे का माहौल बनाना बेहद जरूरी है। यदि सरकार अपने वादों को पूरा करती है और युवाओं का विश्वास मजबूत करती है, तो सभी मिलकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकते हैं और एक मजबूत तथा विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।













