23 July 2026 Fact Recorder
National Desk: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कथित पेपर लीक के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के बीच सोशल मीडिया पर एक महिला प्रदर्शनकारी की मौत का दावा तेजी से वायरल होने लगा। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि जंतर-मंतर पर किसी भी महिला प्रदर्शनकारी की मौत नहीं हुई है। संबंधित महिला जीवित है और उसका इलाज डॉ. राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के अनुसार, अस्पताल के डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि महिला की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर फेक न्यूज अलर्ट जारी करते हुए कहा कि कुछ लोग बिना पुष्टि के भ्रामक जानकारी साझा कर रहे हैं, जिससे लोगों को भावनात्मक रूप से भड़काने की कोशिश की जा रही है। ऐसे दावे पूरी तरह निराधार हैं।
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी खबर या पोस्ट को सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। पुलिस ने कहा कि अपुष्ट और भ्रामक जानकारी साझा करना अफवाहों को बढ़ावा देता है, इसलिए जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करें।
गौरतलब है कि कथित पेपर लीक के मुद्दे को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा और छात्र जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी दौरान महिला प्रदर्शनकारी की मौत की अफवाह फैलने के बाद पुलिस को आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करना पड़ा।













