23 July 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk: यूटी के नॉर्थ-ईस्ट डिवीजन की मनीमाजरा थाना पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार चोरी किए गए गैस सिलेंडर और पंजाब नंबर की एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निर्मल सिंह उर्फ काका (43) निवासी ढकोली, जिला मोहाली (पंजाब) और सुरेंद्र (33) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, निर्मल सिंह पेशे से नाई का काम करता है और वह पहले भी चोरी के एक मामले में पंचकूला के सेक्टर-19 थाने द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। करीब तीन महीने पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था।
पुलिस को गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के दौरान पता चला था कि क्षेत्र में गैस सिलेंडर चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 22 जुलाई को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के पास से बरामद मोटरसाइकिल पंचकूला से चोरी की गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
मामले की शिकायत मलोया निवासी मोहित ने दर्ज कराई थी, जो सेक्टर-7 स्थित बिंदिश गैस एजेंसी में ड्राइवर के रूप में कार्यरत है। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने हेल्पर अंकित के साथ एमडब्ल्यूटी, मनीमाजरा क्षेत्र में इंडेन गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने गया था।
दोपहर करीब 1:50 बजे जब दोनों विनोद ढाबा पर भोजन कर रहे थे, तभी दो युवक उनके टेंपो से दो गैस सिलेंडर उठाकर पंजाब नंबर की मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। शिकायतकर्ता और उसके हेल्पर ने आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे भागने में सफल रहे।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से डोर-टू-डोर गैस सिलेंडर डिलीवरी के दौरान सिलेंडर चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने जांच तेज की और आखिरकार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों आरोपी अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं।













