पंजाब 30 June 2026 Fact Recorder
Punjab Desk : पंजाब में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। शिक्षा भर्ती निदेशालय, पंजाब ने स्कूल शिक्षा विभाग में 1,013 लेक्चरर कैडर पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जुलाई 2026 से शुरू होगी और इच्छुक उम्मीदवार 31 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1,013 पद भरे जाएंगे। इनमें 829 नियमित (नई) रिक्तियां और 184 बैकलॉग पद शामिल हैं। विभाग ने विषयवार रिक्तियों, शैक्षणिक योग्यता, चयन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक शर्तों की विस्तृत जानकारी भी जारी की है।
भर्ती 12 विषयों के लिए की जाएगी। इनमें इतिहास के 210, अंग्रेजी के 141, राजनीतिक विज्ञान के 131, गणित के 105, पंजाबी के 99, कॉमर्स के 98, भौतिक विज्ञान के 58, अर्थशास्त्र के 50, रसायन विज्ञान के 41, जीव विज्ञान के 37, हिंदी के 29 और भूगोल के 14 पद शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता के अनुसार उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री होना अनिवार्य है। साथ ही किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बी.एड. की डिग्री भी आवश्यक होगी। उम्मीदवार ने दसवीं कक्षा में पंजाबी भाषा अनिवार्य या वैकल्पिक विषय के रूप में उत्तीर्ण की हो तथा वह भारतीय नागरिक होना चाहिए।
आयु सीमा 18 से 37 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और अन्य आरक्षित वर्गों को पंजाब सरकार के नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में 300 अंकों की ऑफलाइन OMR आधारित लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसे दो भागों में विभाजित किया गया है। इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी, लेकिन उम्मीदवारों को दोनों भागों में अलग-अलग निर्धारित न्यूनतम अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेज़ सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा।
वेतन की बात करें तो चयनित लेक्चररों को तीन वर्ष की प्रोबेशन अवधि के दौरान 34,500 से 35,400 रुपये प्रतिमाह का निश्चित मूल वेतन मिलेगा। इस अवधि में महंगाई भत्ता (DA) और मकान किराया भत्ता (HRA) नहीं दिया जाएगा। प्रोबेशन सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद नियमित वेतनमान और अन्य सरकारी भत्तों का लाभ मिलेगा।
सरकारी शिक्षक बनने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह भर्ती एक सुनहरा अवसर है। पात्र उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अधिसूचना में दी गई सभी शर्तों को ध्यान से पढ़ें और अंतिम तिथि से पहले अपना आवेदन अवश्य जमा करें।













