बैठक के दौरान परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षार्थियों की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त के सचिव Alok Kumar ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया।
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहला पेपर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरा पेपर दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा।
रांची में कुल 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 16,531 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन ने 23 और 24 मई को परीक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
अधिकारियों को प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई और परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं व अन्य दस्तावेजों को समय पर जीपीओ में जमा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। परीक्षार्थियों की एंट्री के दौरान मेटल डिटेक्टर से जांच भी की जाएगी।
प्रशासन ने निर्देश दिया है कि परीक्षा से पहले सभी अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की समस्या न हो। स्थानीय निरीक्षण अधिकारियों को परीक्षा से एक दिन पहले केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड और पहचान पत्र का मिलान अनिवार्य होगा। साथ ही किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने साफ कहा है कि यूपीएससी की गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराया जाएगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।













